बिल्लेख में गिनीज बुक होल्डर किसान गोपाल उप्रेती को प्रमाण पत्र सौंपते उद्यान विभाग के अधिकारी।
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। बिल्लेख गांव के किसान गोपाल दत्त उप्रेती के खेत में उगा धनिये का पौधा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है। उद्यान विभाग की टीम ने शनिवार को उनके फार्म में जाकर धनिये के पौधे की आखिरी नाप भी ली। शनिवार को नापजोख करने पर इसकी ऊंचाई 2.28 मीटर पाई गई जबकि गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज होते वक्त इसकी ऊंचाई 2.16 मीटर थी। अधिकारियों ने बताया कि पौधे में 0.12 मीटर की ग्रोथ हुई है।
बिल्लेख गांव निवासी गोपाल दत्त ने 2.16 मीटर धनिये का पौधा उगाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया था। धनिये के पौधे की ग्रोथ निरंतर बढ़ रही है। ताड़ीखेत के उद्यान प्रभारी इंद्र लाल ने बताया कि गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज होते वक्त धनिये का पौधा ग्रोथ में था। पौधे की फाइनल माप ही अब वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में दर्ज होगी। टीम ने किसान गोपाल को प्रमाणपत्र सौंपा। बाद में विभाग की टीम ने सीम गांव जाकर किसान भागीरथ पांडे के पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। भागीरथ ने 300 वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस में नेशनल हॉर्टीकल्चर मिशन के तहत सब्जियों का उत्पादन किया है। उन्होंने शिमला मिर्च, फ्रासबीन, खीरा, टमाटर का भी उत्पादन किया है, जिससे उनकी आय बढ़ी है। टीम में चिलियानौला के उद्यान प्रभारी भूपाल सिंह बिष्ट, बिल्लेख के प्रभारी राम सिंह आदि रहे।