प्रदेश में कई पॉलीटेक्निक अखिल भारतीय प्राविधिक शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की मान्यता के बगैर चल रहे हैं। इनमें अल्मोड़ा जिले में चल रही दन्यां और बाड़ेछीना पॉलीटेक्निक शामिल हैं। मान्यता नहीं होने से गैरसैंण संस्थान के प्रशिक्षार्थियों को पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना और दन्यां के युवाओं को द्वाराहाट जाकर परीक्षा देनी पड़ ती है।
जिले में अल्मोड़ा में महिला, द्वाराहाट, ताकुला, सल्ट में पॉलीटेक्निक हैं। तीन साल पहले दन्यां, मल्ला सालम, बाड़ेछीना, जैंती, चौनलिया में भी सरकार ने नए संस्थान मंजूर किए। इन संस्थानों के पास भवन, लैब, मशीन समेत अन्य संसाधन नहीं होने से एआईसीटीई की मान्यता ही नहीं मिली है। बगैर मान्यता के संचालित संस्थानों में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को विभाग दूरस्थ संस्थानों में भेज कर परीक्षा दिला रहा है। इससे प्रशिक्षर्थियों के साथ ही परिजनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
महिला पॉलीटेक्निक अल्मोड़ा के प्रधानाचार्य वीके गुप्त ने बताया कि मानक के मुताबिक पॉलीटेक्निक संस्थान के लिए कम से कम 100 नाली भूमि की जरूरत होती है। दन्यां में भवन तैयार हो गया है, लेकिन भूमि का रकवा कम होने से मान्यता नहीं मिली है। अतिरिक्त भूमि चयन कर प्रस्ताव भेजा गया है। बाड़ेछीना के लिए अब भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कुछ दिनों पहले ही जैंती, मल्ला सालम संस्थान को एआईसीटीई की मान्यता मिल गई है। उन्होंने बताया कि सृजित पदों के सापेक्ष शिक्षक तैनात हैं।