द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विभागों में तालमेल के अभाव में ब्लॉक के 5798 कार्डधारकों को सरकारी खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत कार्डधारकों को ऑनलाइन होने के बाद ही चीनी आदि खाद्यान्न देने के निर्देश हैं। मामले में ब्लॉक के अधिकारी कहते हैं कि पूर्ति विभाग की तरफ से पर्याप्त राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जबकि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि उन्हें ब्लॉक की तरफ से कोई डिमांड नहीं मिली है।
बिजेपुर ग्राम पंचायत में ही 160 कार्डधारकों में से मात्र 87 कार्डधारक ऑनलाइन हो सके हैं। बेढुली के प्रधान महेश पंत ने बताया कि उनके यहां 45 में से केवल 25 कार्ड ही बने हैं। विभाग की लचर कार्यप्रणाली का खामियाजा कार्डधारकों को भुगतना पड़ रहा है। बीडीओ केएस मेहरा ने बताया कि ब्लॉक में 2172 बीपीएल, 634 अंत्योदय राशन कार्ड बन गए हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 5982 कार्ड बनकर ऑनलाइन हो चुके हैं।
राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जिला पूर्ति विभाग की ओर से 5605 कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला था। जिसके सापेक्ष 5522 कार्ड मिले। उनमें से भी 67 कार्ड खराब हो गए। उन्होंने बताया कि राशन कार्डों में खामियों को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए आंदोलन, बीडीसी बैठकों में हंगामे के बाद ब्लॉक के लिए 5798 राशन कार्डों की मांग डीएसओ से की गई थी, लेकिन कार्ड नहीं पहुंचे हैं।