गरमी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग, प्रशासन के दल ने नगर में मीट-मछली की दर्जन भर दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मछली की चार दुकानों में गंदगी मिली और इनके पास मांस बेचने के लाइसेंस भी नहीं थे। विभाग इन चार दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम में नोटिस जारी करेगा। जबकि एक दुकान को सफाई दुरुस्त होने तक बंद करने के निर्देश दिए हैं।
अभिहित अधिकारी एएस रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पीडी सनवाल आदि ने नगरपालिका परिसर से लगी दर्जन भर मीट और मछली की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मछली की पांच दुकानों में गंदगी मिली। इनमें से चार दुकानदारों के पास लाइसेंस भी नहीं थे। चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दुकानों में गंदगी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 में चारों दुकानदारों को नोटिस जारी करेगा। इसके अलावा दल ने मालरोड में दुकानों से चाकलेट, लड्डूू और मोहनी चाय पत्ती के सैंपल लिए। सैंपल जांच के लिए रुद्रपुर लैब में भेजे जाएंगे।
दूध का सैंपल फेल
अल्मोड़ा। खाद्य सुरक्षा विभाग ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार में दूध लाने वाले लोगों केे भी सैंपल ले रहा है। अभिहित अधिकारी एएस रावत ने बताया कि पूर्व में एक दूधिए से दूध का सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजा था। दूध का सैंपल जांच में फेल हो गया है। संबंधित दुधिया यदि जांच से संतुष्ट नहीं है तो वह दोबारा सैंपल की जांच करा सकता है। इसके लिए एक माह का समय निर्धारित है। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद विभाग संबंधित दुधिए के खिलाफ एडीएम न्यायालय में वाद दायर करेगा।