मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में व्हाइट कोट सेरेमनी में अतिथियों के साथ छात्र-छात्राएं।
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान और शोध संस्थान मेडिकल कालेज में वर्ष 2025 के एमबीबीएस पांचवें बैच के छात्र-छात्राओं की व्हाइट कोट सेरेमनी शनिवार को आयोजित की गई।
छात्र-छात्राओं को सफेद कोट पहनाए गए और उन्होंने मानवता की सेवा का संकल्प लिया। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को चरक शपथ दिलाई।
उन्होंने विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई पूरे मनोयोग के साथ करने के साथ ही उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। डॉ. रावत ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में चिकित्सकों का योगदान अद्वितीय रहा है। जिसको ध्यान में रखते हुए एमबीबीएस का कोर्स कर रहे सभी छात्र-छात्राओं को पूरे लगन और मनोयोग के साथ डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी कर समाज को अपने पेशे का पूरा लाभ देना चाहिए तभी चरक शपथ का उद्देश्य भी पूरा होता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने नए बैच के एमबीबीएस विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। छात्र-छात्राओं के सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरूआत हुई।
स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। वहां विधायक मनोज तिवारी, विधायक प्रमोद नैनवाल, मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा, नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पांडे, डॉ. महेंद्र पंत, डॉ. आदित्य चौहान, डॉ. श्वेता आदि मौजूद रहे।