बागेश्वर। कपकोट तहसील क्षेत्र में बीएसएनएल संचार सेवा आए दिन चरमरा रही है। मोबाइल सिग्नल और इंटरनेट ठप होने से कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अधिकांश उपभोक्ता बीएसएनएल उपभोक्ता हैं। पिछले दो दिन पूरे क्षेत्र की संचार व्यवस्था ठप थी। शुक्रवार की शाम को सिग्नल आए, लेकिन शनिवार को फिर दिक्कत होने लगी। व्यापार मंडल भराड़ी के पूर्व अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, सामाजिक कार्यकर्ता महिमन कपकोटी आदि ने बताया कि मानसून काल में अधिकांश समय बीएसएनएल सेवा बाधित रही। अब बारिश बीतने के बाद भी परेशानी बनी हुई है। इंटरनेट ठप होने से ऑनलाइन फॉर्म भरने, प्रमाण पत्र बनवाने के काम प्रभावित हो रहे हैं। कार्यालयों में काम बाधित होने से दूरदराज से आने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बीएसएनएल के डीई आशीष निगम ने बताया कि केबल कटने और अन्य तकनीकी खराबी से दिक्कत हो रही है। निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।