सड़क किनारे नालियों के ऊपर खड़े दोपहिया वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
वन वे व्यवस्था लागू होने के बाद शहर में चौपहिया वाहनों से लगने वाले जाम से तो मुक्ति मिल गई है लेकिन पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से दुपहिया वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। हालत यह है कि दुकानों, होटलों, कार्यालयों के अलावा नो पार्किंग में भी दोपहिया वाहन खड़े रहने लगे हैं। इससे सड़क मार्ग बाधित और संकरा होने के साथ आम लोगों को भी दिक्कतें आ रही हैं। नगर में नए पार्किंग स्थलों का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
नगर में वन वे व्यवस्था लागू है। इससे चौपहिया वाहन तो शहर में प्रवेश या शहर से बाहर जाने के लिए बनाए गए नियमों के अनुसार ही चल रहे हैं। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला लेकिन वर्तमान समय में धारानौला, एनटीडी-मिलन चौक मार्ग, लक्ष्मेश्वर से-शिखर और बस स्टेशन से चौघानपाटा मार्ग में सड़क के दोनों ओर दोपहिया वाहनों के लगातार खड़े रहने से दिक्कतें आ रही हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत सड़क पर पैदल चलने वालों को हो रही है। लोगों को वाहनों के बीच से स्थान निकालकर आगे बढ़ना पड़ता है। मार्ग में वाहन खड़े होने से लोगों को होटल, दुकान के अलावा सुलभ शौचालयों में प्रवेश में भी दिक्कत आ रही है।
नगर में विभिन्न जगहों पर नो पार्किंग स्थल भी अब दोपहिया वाहनों से घिर गई है। इधर, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी का कहना है कि नगर में टैक्सी स्टैंड, शापिंग कांप्लेक्स में दोपहिया और चौपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इसके बावजूद अगर लोग सड़क मार्ग में बेतरतीब वाहन खड़ा कर रहे हैं तो यह गलत है। इस पर यातायात पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लिंक रोड पर पालिका का पार्किंग स्थल का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। उसके बाद जीआईसी मार्ग में भी दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग निर्माण किया जाएगा। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस टोलिया ने सड़कों के किनारे और नो पार्किंग जगहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने की बात कही।