बच्चे जागरूक हो गए हैं यह दिखाता है जब खिलौनों से खेलने वाले हाथों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए रविवार को सरकार की आली, खोल्टा की सड़कों की व्यापक रूप से सफाई की। झाडू्, खुरपी आदि सामग्रियां लेकर सड़क पर उतरे छोटे बच्चों को देखकर व्यापारी, आसपास के लोग भी दंग रह गए।
छुट्टी का दिन बच्चों की मौजमस्ती का दिन होता है लेकिन सरकार की आली, खोल्टा के 12 वर्ष से कम आयु के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने इस बार कुछ अलग सोच रखा था। मोहल्ले के एकत्रित बच्चों ने सड़कों में गंदगी देखी तो रविवार को मौजमस्ती छोड़कर सफाई अभियान को अपना एजेंडा बनाया। बच्चों के इस अभियान को देखकर सड़क के आसपास रहने वाले लोग और व्यापारी दंग रह गए। गांव के पूर्व प्रधान योगेश नयाल, मुकुल तिवारी, अनिल कांडपाल ने बच्चों का निर्देशन किया।
उन्होंने बच्चों की हौसला अफजाई की। बच्चों का सफाई अभियान निसंदेह लोगों के कौतूहल का विषय बना हो लेकिन लोगों के मन-मस्तिष्क में नन्हे-मुन्ने बच्चे एक सवाल भी छोड़ गए। सफाई अभियान में गौरांश जोशी, कुमकुम पांडे, दिव्यांश भैसोड़ा, सौभाग्य प्रकाश, दर्शिता जोशी, कनिष्का पांडे, आयुषी जोशी, स्पर्श जोशी, प्रियांशु जोशी ने भागीदारी की, जबकि चंपा जोशी, जया जोशी, छाया पांडे ने सहयोग दिया।
वीरशिवा स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा की छात्रा दर्शिता जोशी सफाई अभियान को लेकर काफी खुश है। उनका कहना है कि हम सारे दोस्त स्टेडियम से आ रहे थे तो सड़क में गंदगी देखकर हमने तय किया कि हम खुद यहां की सफाई करेंगे। 11 साल की दर्शिता ने बताया कि उनके मोहल्ले के आसपास कूड़ादान भी नहीं है जिससे गंदगी फैली रहती है। आखिर हमें भी स्वच्छ भारत अभियान में भागीदारी करनी चाहिए।
कक्षा छठी के छात्र गौरांश जोशी ने बताया कि सफाई का ख्याल सारे दोस्तों ने मिलकर किया और हम आगे भी सफाई अभियान जारी रखेंगे। गौरांश ने बताया कि उनके आठ दोस्तों ने आपस में निर्णय लिया और आस पास की सफाई शुरू कर दी। इस कार्य के लिए उनकी माता चेतना जोशी ने भी उनका हौसला बढ़ाया।