पनुवानौला में मंगलवार को जाम में फंसे वाहन। संवाद
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। शटल सेवा शुरू होने के बाद भले ही जागेश्वर धाम में जाम से राहत मिली मगर पनुवानौला में हालात बेकाबू हो गए। यहां जाम लगने से महिलाओं, बच्चों समेत तमाम यात्रियों को परेशान होना पड़ा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस, प्रशासन भई नाकाम रहा। काफी देर बाद जाम खुलने से लोग आवागमन कर पाए। गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग खासे परेशान रहे।
यहां आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों को पनुवानौला बाजार में जाम से जूझना पड़ रहा है। जहां हर रोज जाम लगना आम बात हो गई है। पनुवानौला में जाम की समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है।
यह जाम वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देने से लग रहा है। पूर्व में समस्या से मुक्ति के लिए दन्या के थानाध्यक्ष ने टैक्सी यूनियन व व्यापार मंडल पनुवानौला के साथ बैठक की थी।
जिसमें तय हुआ था कि बाजार के खाली एक स्थान पर अल्मोड़ा की ओर जाने वाली 2 टैक्सियां और दन्या की ओर जाने वाली दो टैक्सियां खड़ी रहेंगी, मगर यह सहमति लागू नहीं हो पा रही है। पनुवानौला में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए दो होमगार्डों की ड्यूटी लगाई है, मगर कई मनमाने चालक उनका कहना भी मानने को तैयार नहीं होते ओर मनमाने तरीक़े से वाहन खड़ा कर देते हैं। पनुवानौला व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपाल सिंह मेहता ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए यहां दो पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जानी चाहिए।