बागेश्वर। दूध और दुग्ध उत्पादों की नई दरें लागू होने के बाद उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ बढ़ने के साथ दुकानदारों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। नई दरों में कई उत्पादों की कीमत बढ़ने से रोजाना बिक्री के दौरान खुले पैसे का हिसाब मिलाना दुकानदारों के लिए चुनौती बन गया है।
आंचल, आनंदा की कंपनी ने दूध के दाम में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। शक्ति दूध भी एक रुपया बढ़ गया है।
दुकानदार जगदीश गोस्वामी ने बताया कि आनंदा का आधा लीटर दूध का पैकेट अब 30 से बढ़कर 32 रुपये हो गया है। शक्ति 30 से 31 रुपये पैकेट और आंचल 32 से 34 रुपये पैकेट पहुंच गया है।
इसका असर अब ग्राहकों और दुकानदार दोनों पर पड़ सकता है। दुकानदार प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि ग्राहकों को नई दर समझाने के साथ भुगतान का हिसाब भी करना पड़ रहा है।
कई बार ग्राहक पुराने रेट के हिसाब से पैसे लेकर पहुंचते हैं इससे खुले पैसों के लिए परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि दूध रोजमर्रा की जरूरत है इसलिए कीमत बढ़ने का असर सीधे बिक्री पर दिखाई देता है।