अल्मोड़ा। महिला विश्वकप में शानदार प्रदर्शन के बाद अल्मोड़ा लौटने पर एकता बिष्ट का जोरदार स्वागत हुआ। खेल प्रेमी पल्टन बाजार से एकता और कोच लियाकत अली को खुली जीप में लेकर बाजार होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल तक लाए। महिला विश्वकप में पाकिस्तान और अन्य टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद एकता शनिवार देर शाम अल्मोड़ा पहुंचीं।
पल्टन बाजार स्थित कैंट क्षेत्र से खेल प्रेमी एकता को खुली जीप में लेकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल रैमजे इंटर कालेज प्रांगण तक लेकर आए। इस दौरान खेल प्रेमियों ने ढोल-नगाड़ों, फूल माला और आतिशबाजी के साथ एकता और उनके कोच लियाकत अली का स्वागत किया।
रैमजे सभागार पहुंचने पर खेल प्रेमियों और जन प्रतिनिधियों ने एकता के साथ ही उनके माता-पिता, भाई और उनके कोच का स्वागत किया। इस मौके पर एकता ने कहा कि महिला विश्वकप में भारत शानदार प्रदर्शन के बल पर फाइनल में पहुंचा। उन्होंने कहा कि वह टीम का हिस्सा बनकर काफी खुश हैं और भविष्य में भी अल्मोड़ा, उत्तराखंड समेत देश का नाम रोशन करती रहेंगी।
इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान और पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने भी एकता को बधाई दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनोज तिवारी, गिरीश धवन, दीपक साह, हेम तिवारी, राजेंद्र तिवारी, मनीष जोशी, सुशील साह, वैभव पांडे, महेश नयाल, रवि रौतेला, संजय टम्टा, मनोज पवार, विनोद वैष्णव, अरुण वर्मा, भैरव गोस्वामी, अशोक पांडे, अजय वर्मा, अजीत कार्की, दर्शन रावत समेत काफी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद थे।
भावुक होकर मां ने लगाया गले
अल्मोड़ा। विभिन्न मार्ग से होते हुए एकता बिष्ट जब खजांची मोहल्ला स्थित अपने घर के पास पहुंची तो एकता की मां भावुक होकर रो पड़ीं। इस मौके पर उन्होंने एकता को गले लगाया और कुछ देर तक बांहों में ही रखा। दृश्य देखकर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। उसके बाद एकता अपनी मां को लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हो गई।