फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: पेयजल लाइनों से लीक हो रहा पानी, नलों में स्लो प्रेशर

विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। नगर में कई स्थानों पर पेयजल लाइन से पानी लीकेज हो रहा है। इस कारण कई मोहल्लों में पानी के स्लो प्रेशर से लोग परेशान हैं। ठंड के दिनों में भी कई बार पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है।
विज्ञापन


नगर में पेयजल लाइन सड़कों से होकर गुजर रही हैं। कई स्थानों पर लाइनों से पानी लीकेज हो रहा है। माॅलरोड से लोअर माॅलरोड को जाने वाले पैदल रास्ते के पास पेयजल लाइन से पानी लीक होकर बर्बाद हो रहा है। इसके अलावा मिलन चौक के पास भी पेयजल लाइन में लीकेज होने से पानी सड़क पर बह रहा है। इससे नगर के एनटीडी, खत्याड़ी सहित अन्य स्थानों पर पानी का स्लो प्रेशर होने से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, जल संस्थान के ईई नीरज तिवारी ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। जानकारी लेकर समस्या का समाधान किया जाएगा।



धुराटांक में जलापूर्ति ठप होने से ठंड में लोग झेल रहे हैं परेशानी

जागेश्वर (अल्मोड़ा)। धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत धुराटांक के विभिन्न तोकों में जलापूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। ठंड के मौसम में ग्रामीण जल स्रोतों से पानी लाकर काम चलाने को मजबूर हैं।
विज्ञापन


ग्राम पंचायत धुराटांक के तोक बिबड़ी स्थित पेयजल टैंक से बिबड़ी गांव में जलापूर्ति होती है। पेयजल लाइन में कई स्थानों पर चैंबर नहीं बने हैं। इस कारण बिबड़ी में पानी नहीं पहुंच रहा है। इसके अलावा कोल बिबड़ी, बबीना और कुनगड़ा में भी जलापूर्ति ठप है। ठंड के मौसम में पानी नहीं आने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान सुरेश जोशी ने बताया कि बिबड़ी और कोल बिबड़ी क्षेत्र में अब तक न तो चैंबर का निर्माण हो पाया है और न ही बबीना क्षेत्र की पेयजल लाइन में पानी आपूर्ति सुचारु हो सकी है। उन्होंने बताया कि ठंड के दिनों में पेयजल संकट से काफी दिक्कत हो रही है।



एक सप्ताह के भीतर ग्राम सभा धुराटांक पहुंचकर मौके पर निरीक्षण किया जाएगा। जो भी समस्या होगी उसे दूर किया जाएगा। - पवन कुमार जोशी, अवर अभियंता जल संस्थान

-

स्याल्दे बाजार के एक हजार से अधिक उपभोक्ता जल संकट से परेशान
स्याल्दे (अल्मोडा)। स्याल्दे मुख्य बाजार में डोभरी पेयजल योजना की पाइप लाइन फटने से पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। इस कारण बाजार क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बाजार क्षेत्र में जलापूर्ति करने वाली पेयजल लाइन करीब 19 साल पुरानी है। पेयजल लाइन जर्जर हो गई है। कई स्थानों पर पेयजल लाइन फट गई है। इससे पानी लीक होकर सड़क पर बह रहा है। इस कारण बाजार क्षेत्र की एक हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठंड में पेयजल संकट का ये हाल है तो गर्मियों में स्थिति और अधिक भयावह हो जाएगी। विभाग के मुताबिक पेयजल लाइन दो से तीन फुट गहरी है। इस कारण इसे ठीक करने में दिक्कतें आ रही हैं। इधर, जल संस्थान स्याल्दे के जेई लक्षमण सिंह परिहार ने बताया कि पेयजल लाइन को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने से दी जाएगी।

-

क्या कहते व्यवसायी

काफी समय से पेयजल लाइन में लीकेज की समस्या बनी हुई है। पानी सड़क पर बह रहा है। विभाग को पेयजल लाइन को शीघ्र ठीक करना चाहिए ताकि कोई परेशानी न हो। -खेमकरन सिंह नेगी, व्यवसायी

-

लीकेज पेयजल लाइन की विभाग सुध नहीं ले रहा है। पानी लीकेज होने से नलों में पर्याप्त पानी नहीं आ रहा है। इस कारण पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। - संजय उप्रेती, व्यवसायी

-

बाजार में सड़क पर पानी बहने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। बाजार में कीचड़ हो रहा है। इससे राहगीरों और अन्य लोगों को परेशानी हो रही है। -महेश सिंह मंचवाडी, व्यवसायी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें