द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) के दैनिक वेतनभोगी कर्मियाें का विनियमितीकरण के लिए आंदोलन लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को 18वें दिन भी कर्मचारी प्रशासनिक भवन परिसर में धरने पर बैठे रहे और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरनास्थल पर कर्मचारियों ने संस्थान के निदेशक को घेरते हुए सवाल उठाया कि विनियमितीकरण प्रस्ताव पर अनुमोदन प्राप्त करने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल क्यों नहीं की जा रही है। इस दौरान कर्मचारियों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। उनका आरोप है कि उनके विनियमितीकरण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जा रही है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शासन से अनुमोदन नहीं लाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर कोटयूड़ा के प्रधान गिरीश कुमार, महेश सिंह रावत भौंरा आदि लोगों ने कर्मचारियों को समर्थन दिया। वहां पर दैनिक नियत वेतनभोगी कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, दीवान सिंह रावत, रघुवर सिंह, कुंदन रावत, विनेश कुमार, सावित्री देवी, नरेश कुमार, धन सिंह अधिकारी, पुष्पा मठपाल, रुबी देवी, जसूली देवी आदि मौजूद रहीं।