राजीव नवोदय विद्यालय चौनलिया में वायरल फीवर मुश्किल से नियंत्रण में आ सका इसी बीच अब लमगड़ा ब्लाक के तोली गांव में वायरल फीवर से 51 ग्रामीण बीमार हो गए हैं। एसीएमओ के नेतृत्व में डाक्टरों की टीम तोली गांव पहुंच गई है। डाक्टरों ने बुखार से पीड़ितों की जांच के बाद उनका घरों में ही उपचार किया।इस गांव में भी दूषित पानी के सेवन से ही वायरल फैलने की आशंका है।
बुधवार को लमगड़ा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सविन बंसल को तोली गांव में वायरल फीवर फैलने की जानकारी दी। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सीएमओ को गांव में डाक्टरों की टीम भेजने के निर्देश दिए। उसके बाद अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. योगेश पुरोहित के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम आज तोली गांव पहुंची। डाक्टरों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गांव में 51 ग्रामीण वायरल फीवर से पीड़ित पाए गए हैं। डाक्टरों ने परीक्षण के बाद मरीजों को दवा देकर उपचार किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरसी पंत ने बताया कि लमगड़ा अस्पताल के डा. राजेश आर्या को निर्देश दिए गए हैं कि तोली गांव में बीमार ग्रामीणों को प्रतिदिन उपचार दें और नजर रखें। आशंका जताई जा रही है कि तोली गांव में भी दूषित पानी के चलते ग्रामीण बुखार के चपेट में आए हैं। डा. पंत ने ग्रामीणों को उबला पानी पीने और बासी भोजन नहीं करने, बुखार आने पर डाक्टरों से परीक्षण करवाने के उपरांत दवा लेने की सलाह दी है।
चौनलिया में बीमार बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार
अल्मोड़ा/भतरौंजखान। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय चौनलिया में वायरल फीवर से बीमार बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार है। डाक्टरों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दो बच्चों में वायरल फीवर के लक्षण पाए गए हैं। जिनमें डाक्टरों ने उपचार दिया। सीएमओ डा. आरसी पंत ने बताया कि विद्यालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। स्वच्छकों की व्यवस्था की गई है। स्कूल में अब स्थिति नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को दो सप्ताह तक नियमित रूप से बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।