लंबे समय से सरकार और जनप्रतिनिधियों के झूठे आश्वासनों से छले जा रहे मिनार गांव के लोगों ने आखिरकार आपसी सहयोग से एक किमी लंबी सड़क का निर्माण कर दिया है। इसके लिए ग्रामीणों ने आपस में आर्थिक सहयोग करके ढाई लाख रुपये इकट्ठा किया। बुधवार को इस मार्ग का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य दीपक बिष्ट और अन्य ग्रामीणों ने किया।
इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि मीनार गांव को सड़क से जोड़ने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई सालों से मांग की जा रही थी, लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। आखिरकार ग्रामीणों को इसके लिए खुद आगे आना पड़ा। वक्ताओं ने मार्ग निर्माण में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों का आभार जताया।
जिला पंचायत सदस्य दीपक बिष्ट ने इसे क्षेत्र के लिए एक नजीर बताते हुए सड़क का सुंदरीकरण करने की भी बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान खीम राम तथा संचालन राजेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्मला शर्मा, भगवती रिखाड़ी, महिपाल सिंह, इंद्र सिंह, हिम्मत सिंह, जसौद सिंह, लक्ष्मण सिंह, तुला सिंह, मोहनी देवी आदि मौजूद थे।