अल्मोड़ा। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव एस राजू ने कहा है कि बरसात के मौसम में आपदा की संभावना रहती है। आपदा से निपटने के लिए समय से तैयारी कर मुस्तैदी से काम करना होगा।जिलाधिकारी सभी तैयारियां समय से पूरी कर लें। पिछले सालों में पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकरों के लंबित भुगतान की सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि देनदारियों का भुगतान किया जा सके। अपर मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व में आपदा से निपटने के लिए यंत्र और सामग्री क्रय करने को धनराशि आवंटित की गई थी। उपभोग प्रमाण पत्र देने समेत लंबित देयकों की मांग तुरंत भेजें। 30 अप्रैल को होने वाले मॉक ड्रिल की तैयारियां पूरी कर लें।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं वित्त सचिव अमित नेगी ने आपदा से संबंधित सभी विवरण उपलब्ध कराने,अपर सचिव आपदा रविशंकर ने कहा कि अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कर लें। डीएम सविन बंसल ने जिले की समस्याएं उच्चाधिकारियों के सम्मुख रखीं। इस मौके पर सीडीओ प्रकश चंद्र, एडीएम इला गिरि, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी आदि मौजूद थे।
इधर प्रमुख सचिव खाद्य राधा रतूड़ी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राशन कार्डों को आधार कार्ड से जोड़ने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अपर सचिव वित्त अमित नेगी ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, फसल बीमा, जनधन, जननी सुरक्षा, अटल पेंशन योजना आदि के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैंकों की कार्य प्रणाली पर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी से कहा कि सीडी रेसियो बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें। इन योजनाओं की भारत सरकार स्तर पर निरतंर समीक्षा हो रही है। बैंक अधिकारी इसमें विशेष रुचि लें।