फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से अल्मोड़ा में सब्जी, राशन आपूर्ति पर पड़ा असर

विज्ञापन
बैजनाथ में पुलिस चेक पोस्ट पर धरने में बैठे ट्रक मालिक और चालक - फोटो : GARUD
विज्ञापन
अल्मोड़ा। विभिन्न मांगों को लेकर ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अल्मोड़ा की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। हड़ताल से पूरे कुमाऊं में ट्रकों के पहिये जाम रहे। इसका असर अल्मोड़ा में सब्जी और राशन की आपूर्ति पर पड़ा। हड़ताल के बावजूद कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी से गुप्त तरीके से अल्मोड़ा में तीन पिकअपों से 65 क्विंटल सब्जी पहुंची। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। जबकि सामान्य दिनों में रोजाना तीन सौ क्विंटल से ज्यादा सब्जी आती थी। मंगलवार से जरूरी सामान की सप्लाई पूरी तरह से बाधित होने के आसार हैं।
विज्ञापन

ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने पुलिस और सीपीयू पर मनमाना चालान कर ट्रांसपोर्टों का आर्थिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इसके विरोध में संगठन हड़ताल पर है। सब्जी के थोक विक्रेताओं के मुताबिक सामान्य दिनों में रोजाना तीन सौ क्विंटल से ज्यादा सब्जी अल्मोड़ा आती थीं। जबकि हड़ताल में सब्जियों की आपूर्ति पर असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि हल्द्वानी से रोजाना 30 से 35 ट्रक राशन, ईट, सीमेंट, सरिया और फर्नीचर समेत दैनिक उपयोग की वस्तुएं लेकर अल्मोड़ा आते हैं। हड़ताल के चलते जरूरी सामान की सप्लाई पर असर पड़ा है। मंगलवार से आवश्यक वस्तुओं की आवक पर और अधिक असर पड़ने के आसार हैं।
पहाड़ी सब्जियों की आवक कम होने से दामों में इजाफा
अल्मोड़ा। सोमवार को नगर के बाजार में पहाड़ी सब्जियों की आवक कम हुई। इससे सब्जियों के दाम एकाएक बढ़ गए। एक दिन पहले शिमला मिर्च 40 रुपये प्रति किलो थी। सोमवार को इसके दाम 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए। बीन भी एक ही दिन में 70 रुपये से बढ़कर 100 रुपये, तुरई 40 रुपये से बढ़कर 60-70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। पहाड़ी सब्जियों की कीमतों में वृद्धि होने से लोग देशी सब्जियों की ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं।
विज्ञापन

क्या कहते हैं कारोबारी
अल्मोड़ा में रोजाना तीन सौ क्विंटल से अधिक सब्जी आती है लेकिन हड़ताल के कारण सब्जी की आवक पर असर पड़ा है। हालांकि सोमवार को ज्यादा असर नहीं पड़ा लेकिन आगे व्यापक असर पड़ सकता है।
- जितेंद्र बेदी, सब्जी के थोक विक्रेता धारानौला मार्ग अल्मोड़ा
ट्रांसपोर्टरों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगा। हड़ताल जारी है। सोमवार को अल्मोड़ा में ट्रकों का संचालन पूरी तरह से बंद रहा। इससे जरूरी सामान की आपूर्ति पर असर पड़ा है।
- दीपेश चंद्र जोशी, अध्यक्ष ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन
ट्रक मालिकों अवैध रूप से चालान काटने का किया विरोध
अल्मोड़ा। ट्रक मालिकों की एक बैठक में वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन की ओर से अवैध रूप से चालान काटने और कोविड के नाम पर अवैध वसूली करने का पुरजोर विरोध किया।
उन्होंने कहा कि कोविड के कारण पहले से ही काम पूरी तरह ठप है। बैंकों की किस्त भी नहीं निकल पा रही है। इससे लगातार स्थिति खराब हो रही है। इसके बावजूद चालान काटने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने ट्रक मालिकों और कर्मचारियों को आर्थिक मदद देने की मांग की। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पटरी पर आ सके। उन्होंने कहा कि ट्रक चालकों का शोषण किया गया तो यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी। इधर बैठक के बाद नई कार्यकारणी का गठन किया गया। जिसमें संदीप श्रीवास्तव अध्यक्ष, हरीश बिष्ट उपाध्यक्ष, आनंद रावत सचिव, लाल सिंह जलाल कोषाध्यक्ष, धन सिंह मेहरा संयोजक चुने गए। संवाद
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से बाजार में आवश्यक सामग्री की कमी
गरुड़ (बागेश्वर)। पुलिस और सीपीयू के उत्पीड़न से परेशान ट्रक मालिकों और चालकों ने दूसरे दिन भी बैजनाथ पुलिस चेकपोस्ट पर धरना, प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण आंदोलन के दूसरे दिन दुकानों में उपभोक्ताओं को कई आवश्यक सामग्री नहीं मिल सकी। विधायक चंदन दास भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों की मांग सरकार समेत शासन, प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर ट्रांसपोर्टरों ने तीन दिनी हड़ताल को दो दिन में ही स्थगित कर दिया।
बैजनाथ पुलिस चेकपोस्ट पर ट्रक एसोसिएशन के संरक्षक संजय फर्स्वाण की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं भर के ट्रकों का संचालन बंद होने के कारण हल्द्वानी समेत कई सरकारी गोदामों से रसद की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण बाजार में अधिकांश आवश्यक सामग्री की कमी होने लगी है। सभा को जितेंद्र मेहता, प्रकाश रावल, गजानंद बोरा, बलवंत रावत, कंचन थायत, सुनील दोसाद, दिनेश बिष्ट, कुंदन कबडोला आदि ने संबोधित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें