कालू सैयद बाबा की मजार पर चादर चढ़ाते व्यापार मंडल पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कौमी एकता का प्रतीक रानीखेत का उर्स समारोह दूसरे दिन भी जारी रहा। नगरवासियों की तरफ से देर शाम हजरत कालू सैयद बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई गई। बाबा की मजार पर मत्था टेकने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। गुलजार मंजिल में तकरीर के बाद गाजेबाजे के साथ चादर लाई गई, जिसे बाद में बाबा की मजार पर चढ़ाया गया।
48वें उर्स समारोह के दूसरे दिन भी खरीदारी के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। बाबा की मजार पर सुबह से ही चादर चढ़ाने वालों की भीड़ लगी रही। नगर व्यापार मंडल की तरफ से भी बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई गई, जिसमें अध्यक्ष मनीष चौधरी, महासचिव संदीप गोयल, उपाध्यक्ष दीपक पंत, महिला उपाध्यक्ष नेहा मेहरा, उपसचिव विनीत चौरसिया, कोषाध्यक्ष भुवन पांडेय, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी आदि मौजूद रहे। देर शाम गुलजार मंजिल में तकरीर प्रवचन का आयोजन हुआ, जिसके बाद बाबा के जयकारे के साथ चादर लाई गई। इस कार्यक्रम में नगर के तमाम जनप्रतिनिधियों और अन्य नागरिकों ने शिरकत की। इससे पूर्व पहली रात्रि को मजार परिसर में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया गया। जिसमें कवि दिनेश तिवारी सहित तमाम कवियों ने अपनी अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। 27 मई की देर रात से मजार परिसर में देश भर से आए जाने माने कव्वाल अपनी अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोहेंगे। उर्स समारोह 29 मई की सुबह कुल शरीफ के साथ संपन्न होगा। मजार के खादिम मो. मोहसिन ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया है।