रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी परिषद की बैठक में प्रस्ताव पास होने के एक हफ्ते बाद भी नगर से लावारिस जानवरों को अभी तक बाजपुर गो सदन नहीं भेजा गया है। कुंपुर लालकुर्ती क्षेत्र में इन जानवरों ने कई बाइकों और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। जबकि नगर में भी आतंक बरकरार है। इससे पूर्व यह जानवर आधा दर्जन लोगों के हाथ-पांव तोड़ चुके हैं। इधर, नगर व्यापार मंडल ने एक हफ्ते के भीतर समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन करने का ऐलान किया है।
नगर में छोटे-बड़े 70 से अधिक जानवर घूम रहे हैं। बीते 18 जून को कैंट बोर्ड की बैठक में लावारिस जानवरों को जसपुर गौ सदन केंद्र भेजने का प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन एक हफ्ते से अधिक समय बीतने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। कुंपुर लालकुर्ती क्षेत्र में ही 25 से अधिक जानवर घूम रहे हैं। इधर नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने छावनी परिषद को भेजे ज्ञापन में कहा है कि लावारिस जानवर पर्यटन नगरी की छवि को धूमिल कर रहे हैं।
प्रस्ताव पास होने के बावजूद जानवरों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। पर्यटन सीजन चल रहा है। यदि एक हफ्ते के भीतर समस्या दूर नहीं हुई तो व्यापार मंडल आंदोलन करेगा। ज्ञापन भेजने वालों में अध्यक्ष भगवंत नेगी, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, महासचिव हर्ष पत, उपसचिव मनोज पंत, कोषाध्यक्ष दीपक पंत सहित तमाम पदाधिकारी शामिल थे।