अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुरकेती ने कहा कि उक्रांद उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। पार्टी का लक्ष्य एक बूथ दस यूथ है। जन मुद्दों को लेकर पार्टी मुखर है।
बृहस्पतिवार को नगर के एक होटल में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। पार्टी घर-घर तक जाएगी और लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जाएगा। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि नौजवान उक्रांद से जुड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाई जानी चाहिए। इससे पूर्व उक्रांद कार्यकर्ताओं ने नगर भ्रमण किया। नंदादेवी मंदिर में पूजा अर्चना कर सबके कल्याण की कामना की। इस दौरान प्रधान और युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहां केंद्रीय युवा अध्यक्ष आशीष नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन सिंह बिष्ट, पंकज व्यास, गणेश प्रसाद कला, अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, पान सिंह, महिला जिला अध्यक्ष दीपा जोशी, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रघुवर सिंह भाकुनी आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस, भाजपा पर प्रदेश को गर्त में डालने का आरोप
द्वाराहाट(अल्मोड़ा)। उत्तराखंड क्रांति दल के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कुकरेती और युवा केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने त्रिमूर्ति चौक पर स्वागत किया। नगर पंचायत सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संबोधित करते हुए कांग्रेस और भाजपा पर प्रदेश को गर्त में डालने का आरोप लगाया। आशीष नेगी ने शहीदों के सपनों का राज्य बनाने, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, सशक्त भू-कानून लागू करने, मूल निवास 1950 लागू करने, जल-जंगल-जमीन का हक दिलाने, मंहगाई, पलायन, बेरोजगारी आदि समस्याओं के स्थायी निदान के लिए आगामी चुनावों में उक्रांद को सत्ता सौंपने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, मेजर संतोष, कुंदन सिंह बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कांता रावत, गुड्डी देवी आदि शामिल रहीं।