देघाट के दो सगे भाई हैं आरोपी, दूसरा भाई फरार
भिकियासैंण(अल्मोड़ा)। देघाट क्षेत्र में 22 लीटर कच्ची शराब के साथ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दो भाई अवैध धंधे में लिप्त थे। एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
देघाट के फूंटीकुंआ में थानाध्यक्ष राहुल राठी के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। पूरन सिंह(42) और उसका सगा भाई पान सिंह कच्ची शराब तैयार करते मिले। पुलिस ने पूरन को गिरफ्तार कर लिया जबकि पान सिंह मौके से फरार हो गया। मौके से 22 लीटर कच्ची शराब, 28 टिन में भरा 420 लीटर लहन बरामद हुआ। यहां शराब तैयार करने के लिए भट्टी और कई उपकरण भी मिले। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यूट्यूब से सीखा शराब बनाना
भिकियासैंण(अल्मोड़ा)। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूरन ने पूछताछ में बताया कि दोनों भाईयों ने यूट्यूब से कच्ची शराब तैयार करना सीखा। दोनों इसे आसपास के गांवों में बेचकर ऊंचा मुनाफा कमा रहे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।