भतरौंजखान में पर्यटकों को जानकारी देते टूरिस्ट फ्रेंड वॉलिंटियर
- फोटो : ALMORA
भतरौंजखान/अल्मोड़ा। जिले में आने वाले पर्यटकों को अब पुलिस के पर्यटक मित्र स्वयंसेवक राह दिखाएंगे। पुलिस विभाग के मिशन अतिथि के तहत एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में भतरौंजखान थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में पांच युवा स्वयंसेवक तैयार किए हैं। स्वयंसेवक पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के साथ ही उनकी हरसंभव मदद भी करेंगे।
पर्यटन सीजन में जिले में पर्यटकों की आमद भी शुरू हो गई है। जिले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पुलिस विभाग ने क्षेत्र के पांच युवाओं को स्वयंसेवक बनाया है। भतरौंजखान के थाना प्रभारी अनीस अहमद ने बताया कि इन स्वयंसेवक ों ने बुधवार को पुलिस सहायता केंद्र मोहान में 56 पर्यटकों को क्षेत्र के पर्यटक स्थलों की जानकारी दी। होटल या ढाबा संचालक पर्यटकों से भोजन आदि के मनमाने रेट न ले सकें, इसके लिए ढाबा संचालकों से वार्ता कर 17 ढाबों पर भोजन आदि की रेट लिस्ट भी चस्पा की है। उनसे पर्यटकों के साथ नम्रतापूर्ण व्यवहार करने की भी अपील की गई। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे की पहल पर पुलिस विभाग ने मिशन अतिथि शुरू किया है।