सब कुछ ठीक रहा तो नैनीताल और मसूरी की तरह ही अल्मोड़ा के लोग और यहां आने वाले पर्यटक जल्द ही रोप-वे का रोमांच उठा सकेंगे। सरकार ने अल्मोड़ा कलक्ट्रेट से कसारदेवी और बानड़ीदेवी की पहाड़ी को रोप-वे से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। शासन के आदेश पर पर्यटन विभाग ने नगर में रोप-वे लगाने की संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। इसके लिए यहां सालभर पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या और क्षेत्र की जनसंख्या आदि आंकड़े पर्यटन विभाग जुटाने में लगा है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लंबे समय से नगर से आसपास के क्षेत्रों को रोप-वे से जोड़ने की मांग उठती रही है। तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने इस संबंध में पूर्व में घोषणा की थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी अल्मोड़ा में रोप-वे बनाने की घोषणा की है। शासन ने पर्यटन विभाग को रोप-वे स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द यहां रोप-वे लगाए जा सकें।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी किशन सिंह रावत ने बताया कि शासन ने कलक्ट्रेट से कसारदेवी, बानड़ीदेवी में रोप-वे लगाने को लेकर सूचनाएं मांगी गई हैं। शासन द्वारा मांगी गई सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। क्षेत्र में सालाना पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या के बारे में होटल और रिसोर्ट मालिकों से जानकारी मांगी गई है। साथ ही जिला पंचायत और नगर पालिका से भी जनसंख्या के बारे में रिपोर्ट जुटाई जा रही है। यह प्रस्ताव जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद शासन स्तर से रोप-वे स्थापित करने के लिए आगे की कार्रवाई होगी।