रानीखेत में अपने मित्र के साथ टॉम ऑल्टर।
- फोटो : अमर उजाला
दिवंगत सिने अभिनेता टॉम आल्टर को रानीखेत से भी खासा लगाव था। बीमारी के दौरान भी वह कुछ पल वह रानीखेत की शांत आबोहवा में बिताना चाह रहे थे, लेकिन यह ख्वाहिश उनकी पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने रानीखेत में 2002 में भारत भाग्य विधाता और 2006 में बाल फिल्म फोटो की शूटिंग की थी। टेनिस, क्रिकेट और लेखन कार्य उनकी दिनचर्या में शामिल था। रानीखेत में जब भी वह आते अपने मित्र होम फार्म निवासी हिमांशु उपाध्याय के साथ टेनिस खेला करते थे।
सिने अभिनेता टॉम आल्टर का गत रात्रि मुबंई स्थित अपने निवास पर निधन हो गया, वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। टॉम आल्टर को रानीखेत की शांत वादियां खूब भाती थीं। वह पिछले 20 सालों से यहां आते रहते थे। इस दौरान उन्होंने 2002 में यहां भारत भाग्य विधाता और बाल फिल्म फोटो की शूटिंग की। भारत भाग्य विधाता में वह ओसामा बिन लादेन के गेटअप में थे। फोटो फिल्म में उन्होंने लाइब्रेरियन का किरदार निभाया था। उनके मित्र होम फार्म निवासी हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि फिल्मों के अलावा आल्टर यहां नियमित रूप से आते थे, टेनिस और क्रिकेट खेलना उनकी दिनचर्या में शामिल था।
सुबह उठकर वह जंगल की सैर को निकलते थे। दो साल पूर्व उन्होंने रानीखेत में मौलाना शीर्षक से एक थिएटर भी किया था। बीमारी के दौरान वह कुछ पल रानीखेत की शांत आबोहवा में बिताना चाह रहे थे, दो अक्तूबर को उनका रानखेत आने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने बताया कि तड़के उठकर उन्हें लिखने का शौक था। उनको हिंदी और उर्दू भाषाओं का अच्छा ज्ञान था। मछलियों के आखेट को भी वह पसंद करते थे। उपाध्याय ने बताया कि शीघ्र ही उनकी बाल फिल्म फोटो को यहां प्रदर्शित किया जाएगा और रानीखेत के नागरिकों की तरफ से उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी।