छड़ौजा-सुवाखान मार्ग पर गड्ढों का भरान करते मजदूर।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड के अंतर्गत छड़ौजा-सुवाखान मार्ग पर गड्ढे पाटने के लिए ग्रामीणों द्वारा दिए चौबीस घंटे के अल्टीमेटम से पहले ही लोनिवि जाग गया है। लोनिवि के अधिकारियों ने हड़ताल के बावजूद गड्ढों को पाटने का काम शुरू कर दिया है।
मालूम हो कि रविवार को सुबह आठ बजे तिवाड़ीजाख गांव के पास मार्ग पर हुए बड़े गड्ढे में एक ट्रक फंस गया था। इस कारण मार्ग में पांच घंटे जाम लग गया। ग्रामीणों और पुलिस ने किसी तरह गड्ढे को भरकर ट्रक को हटवाया। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं जिनसे दुर्घटना की आशंका है।
सड़क की दशा सुधारने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव देवेंद्र धौनी के नेतृत्व में तिवाड़ीजाख के प्रधान जनार्दन तिवाडी, समाजसेवी मुन्ना पांडे, करन सिंह, नीरज सिजवाली आदि ने लोनिवि को चेतावनी दी थी कि यदि चौबीस घंटे के भीतर मार्ग में हुए गड्ढों को भरने का काम नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
इसके बाद सोमवार को लोनिवि ने सरकारी और निजी वाहनों के जरिए सामग्री लाकर सड़क में बने गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया है।