अल्मोड़ा से बाहर कई स्थानों पर ओएफसी कट जाने के कारण बीएसएनएल के मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं घंटों ठप रही। इस कारण लोगों के मोबाइल फोन बंद रहे वहीं बैंकों और डाकघरों में लेन-देन नहीं हो सका। सरकारी कार्यालयों में भी काम काज प्रभावित हुआ। लोग एटीएम से भी पैसे नहीं निकाल सके।
जानकारी के मुताबिक कई स्थानों पर बीएसएनएल की ओएफसी कट जाने के कारण सुबह करीब 11:30 बजे इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं ठप हो गईं। मोबाइल ठप रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग जरूरी संदेशों का आदान-प्रदान भी नहीं कर सके।
इंटरनेट के काम नहीं करने से बैंकों में भी कामकाज नहीं हो सका, जिससे लोगों को निराश लौटना पड़ा। डाकघरों और कई सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। बीएसएनएल के महाप्रबंधक महेंद्रपति ने बताया कि भीमताल, कालाढूंगी और टनकपुर के अलावा वैकल्पिक रूट वाले श्रीनगर में ओएफसी कट गई। जिसे दुरुस्त करने के लिए संबंधित क्षेत्रों की टीमें सुबह से ही मौके पर पहुंच चुकी थी। उन्होंने बताया कि शाम तक लाइन की मरम्मत के बाद नेटवर्क ठीक कर लिया गया था।