अल्मोड़ा। एसएसपी केएस नगन्याल ने प्रभावी कार्रवाई कर वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक द्वारा पूर्व में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस बारे में निर्देश भी दिए थे। सभी अधिकारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक में पुलिस कर्मियों से सतर्कता और मुस्तैदी से काम करने को कहा।
एसएसपी ने कहा कि आठ जुलाई को हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक ने वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए शराब आदि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, वाहन, होटल, ढाबों की तलाशी तेज करने को कहा। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों और ओवर लोडिंग आदि से सख्ती से निबटने को कहा।
नगन्याल ने थाना प्रभारियों से आपदा की दृष्टि संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हीकरण करने को कहा। चोरी की घटनाएं, नकबजनी रोकने के लिए रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग तेज करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सीओ अव्वल सिंह रावत, कोतवाल पूरन लाल वर्मा, संजय गर्ब्याल, संतोष बगडवाल, ठाकुर सिंह अधिकारी, केएन चौसली, रमेश चंद्र भट़्ट, टीपी पांडे, शंकर दत्त जोशी, गणेश हरड़ियाल आदि अधिकारी शामिल हुए।