अल्मोड़ा। जिले भर में दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह आसमान में बादल छाने के बाद बारिश हुई। दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होती रही। दोपहर बाद धूप निकली। सोमवार को हुई बारिश के बीच तापमान सात डिग्री तक जा गिरा, जिससे तपिश कम होने के साथ ही काफी हद तक गर्मी से राहत मिली। जिले में पिछले 24 घंटों में 02 एमएम बारिश हुई।
जिले भर में दो दिनों से मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार को अचानक बदले मौसम के तेवरों के बीच जिले भर में बारिश हुई। रुक-रुककर हुई बारिश के बाद इधर सोमवार की सुबह फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया। सुबह आसमान में घने बादल छाए रहे। करीब 10 बजे से बारिश शुरू हो गई। दिन में कई बार बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस बीच नगर का अधिकतम तापमान सात डिग्री तक घटकर 23 डिग्री जा पहुंचा। इसके साथ ही न्यूनतम पारा 19 डिग्री रहा। इस बीच बारिश की फुहारों ने गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है।