रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत-जालली मोटर मार्ग पर कमेटपानी गांव को जाने वाले रास्ते के पास गधेरे में सिर विहीन अज्ञात कंकाल बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सिर विहीन यह कंकाल पूरी तरह से गल चुका था, जिसके चलते पहचान नहीं हो पा रही थी। राजस्व पुलिस ने आनन-फानन में अनुमान लगाते हुए पंचनामे में कंकाल को महिला का बता दिया। वहीं राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि कंकाल पर पुरुष अंडरवियर मिला है। शव के 20 से 25 दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शुक्रवार शाम कुछ ग्रामीण महिलाएं जंगल में लकड़ी बीन रही थीं। गधेरे के पास पत्थरों के बीच उन्हें कंकाल दिखा। इसकी सूचना राजस्व पुलिस को दी गई। शनिवार सुबह तहसीलदार दामोदर पांडेय के नेतृत्व में राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची। कंकाल को देखा तो सिर गायब था तथा शरीर का मांस पूरी तरह से गल चुका था। कंकाल पर पैंट, कमीज और जैकेट पड़े थे। राजस्व पुलिस ने कंकाल के महिला होने का अनुमान लगाते हुए पंचनामा भरा और राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया।
पुलिस का तर्क है कि पैंट और कमीज महिलाएं भी पहनती हैं, इसलिए हो सकता है कंकाल किसी महिला का हो। फिलहाल कंकाल और कपड़ों को 72 घंटों के लिए सुरक्षित रखा गया है। इस बीच पहचान नहीं हो पाई तो अज्ञात शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
अज्ञात कंकाल के पुरुष या महिला होने को लेकर पसोपेश की स्थिति बनी हुई है। राजस्व पुलिस ने महिला का कंकाल होने का अनुमान लगाते हुए पंचनामा भर दिया। वहीं, पोस्टमार्टम करने वाले राजकीय अस्पताल के डॉ. केके पांडेय का कहना है कि शरीर पूरी तरह से गल चुका है। कंकाल पर पुरुष अंडरवियर है। जिसके आधार पर पुरुष का शव के होने की संभावना है।
कमेटपानी गांव को जाने वाले मुख्य रास्ते के पास 25 दिन से शव पड़ा हुआ था और किसी को भी इसकी भनक तक नहीं लगी। जिस स्थल पर कंकाल बरामद हुआ है वह सड़क से सिर्फ 15 फीट की दूरी पर है और यहां पर कल्वर्ट भी है। संभावना जताई जा रही है कि शायद कंकाल सड़क के कल्वर्ट के नीचे हो, गत दिनों बारिश के पानी से कंकाल बहकर गधेरे के पास पत्थर से टिक गया हो।