सीएम को आशीर्वाद देती गांव की बुजुर्ग महिला।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मोहनरी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने गैरसैंण राजधानी की मूल अवधारण का रोड मैप तैयार किया है, जबकि भाजपा राजधानी के मुद्दे पर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करती रही है।
उन्होंने कहा कि हमने गैरसैंण अवस्थापना निगम बनाया इसके साथ ही प्रदेश के सभी कोने से राजधानी की दूरी घटाने कि लिए रोड मैप तैयार किया है। जिसमें अनेक सडकों के निर्माण के लिए योजना बनाई जा रही है, जबकि भराड़ीसैंण को नगर पंचायत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार आने पर हम महिलाओं की आर्थिक मजबूती की योजनाओं को बढ़ावा देंगे। भाजपा के 45 सीटों के दावे पर उन्होंने कहा कि भाजपा चमत्कारी पार्टी है उसे 75 सीटों का दावा करना चाहिए।
इससे पूर्व मुख्य मंत्री हरीश रावत बुधवार शाम अपने गांव में लोगों से काफी आत्मीयता से मिले। इस दौरान उन्होंने लोगों से राजनीतिक बातों के अलावा व्यक्तिगत कुशलक्षेम भी पूछी । उन्होंने चुनाव के दौरान क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों के बारे में भी लोगों से चर्चा की। इस मौके पर रानीखेत से कांग्रेस प्रत्याशी करन महरा, सल्ट से कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली सहित कई अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान मुख्यमंत्री काफी आश्वस्त नजर आए।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बृहस्पतिवार सुबह मोहनरी स्थित अपने पैतृक घर में पूजा अर्चना की। बाद में वह कुछ ही दूरी पर स्थित अदबोड़ा गांव में अपने ननिहाल भी गए और वहां भी पूजा अर्चना की। उनके कुल पुरोहित पूरन चंद्र पांडे ने दोनों स्थानों पर पूजा संपन्न करवाई। इस मौके पर उनके छोटे भाई जगदीश रावत, भतीजे संजय रावत, अरुण रावत और ननिहाल से प्रताप सिंह रावत, मोहन सिंह, आनंद रावत, गिरधर सिंह आदि उपस्थित थे। इसके बाद उन्होंने अपनी मात- पिता के आस्था केंद्र नवाड पर जाकर शिवलिंग में जल चढ़ाया। दोपहर करीब 12.30 बजे श्री रावत हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।