समल्ला दानपुर क्षेत्र के सरयू घाटी में एसबीआई की शाखा नहीं होने से लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों को एसबीआई संबंधी काम के लिए 10 से 35 किमी की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसमें उनका समय के साथ साथ धन भी बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रदेश शासन को ज्ञापन भेजकर घाटी के सुविधाजनक स्थल पर बैंक की शाखा खोलने की मांग की है।
मालूम हो कि मल्ला दानपुर के सरयू घाटी के विभिन्न गांवों में सलिंग, सुमगढ़, सुडिंग, चौड़ा, पेठी तल्ला, मल्ला, रिखाड़ी, हरकोट, धुरकोट, सूपी, पतियासार, बैछम, झूनी, खल्झूनी, मिकिलाखल्पट्टा, लाहुर और गांसी की जनसंख्या 30 हजार से भी अधिक है। क्षेत्र में बैंकिंग सुविधा के नाम पर सोंग में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की एकमात्र शाखा है। जबकि यह क्षेत्र विश्व प्रसिद्ध ट्रेक पर पड़ता है।
सीजन में यहां देश विदेश से बड़ी संख्या में सैैलानी आते हैं। क्षेत्र के गांवों में ऊन और रिंगाल का उत्पादन भी प्रचुर मात्रा में होता है। इस क्षेत्र में पेंशन भोगियों की संख्या भी कम नहीं है। एसबीआई की शाखा नहीं होने के कारण आम लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। इसके चलते व्यापार को भी नए आयाम नहीं मिल पा रहे हैं। एसबीआई संबंधी काम के लिए लोगों को 10 से 35 किमी दूर कपकोट जाना पड़ता है। कई बार तो एक ही काम के लिए दो से तीन दिन तक का समय लग जाता है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से एसबीआई की शाखा खोलने के लिए प्रभावी कार्यवाई करने की मांग की है। मांग करने वालों में सुमगढ़ की प्रधान विमला जोशी, पेठी की प्रधान सुषमा देवली, घुरड़िया के प्रधान भगवत देवली, शांति देवी, हंशी ड्याराकोटी, दानपुर सेवा समिति के अध्यक्ष दीवान दानू और सचिव हीरा सिंह टाकुली आदि शामिल थे।