रिद्धी-सिद्धी फिल्म्स के बैनर तले बनी कुमाऊंनी फिल्म ‘अभिमान ठुल घरै चेलिक’ जल्द ही कुमाऊं के सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी। अभिनेता स्व. निर्मल पांडे को समर्पित फिल्म के सभी गीत बॉलीवुड के गायक शान, उदित नारायण, साधना सरगम, सुदेश भोषले ने कुमाऊंनी भाषा में गाए हैं जबकि फिल्म में संगीत अल्मोड़ा के मनान-कलेत निवासी राजन राज बजेली ने दिया है। फिल्म नंदादेवी मेले के दौरान रिलीज होगी।
फिल्म के गीतकार-संगीतकार राजन राज ने बताया कि डेढ़ घंटे की फिल्म भाषा, संस्कृति और संस्कार को लेकर केंद्रित है। जिसमें दिखाया गया है कि आज का युवा कुमाऊंनी संस्कृति से कैसे दूर हो रहा है। फिल्म का संगीत मुंबई के स्वरलता स्टूडियो में विशेष साउंड क्वालिटी के तहत तैयार हुआ है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और निजी सिनेमाघरों के मालिकों से भी क्षेत्रीय भाषाओं में तैयार होने वाली फिल्म को प्रदर्शित कर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। फिल्म के निर्माता चनौदा के एचएस भाकुनी हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही वह एनआरआई निर्माता के साथ मिलकर अल्मोड़ा में ही प्रोडक्शन हाउस भी खोलने की तैयारी कर रहे हैं।