मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रामनगर से मरचूला की ओर आ रहा एक डंपर मरचूला के नजदीक नेशनल हाईवे 121 पर सड़क से 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से बच गया। सामने से तेजी से आ रहे दूसरे डंपर को पास देने के चक्कर में ब्रेक लगाते ही कंडक्टर साइड का पहिया खाई की तरफ सड़क किनारे क्रैश बैरियर से टकराकर धंस गया। इससे वहां जाम लग गया। दर्जनों वाहन एक घंटा जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंची सल्ट पुलिस ने जेसीबी की मदद से सड़क किनारे फंसे डंपर को बाहर निकाल जाम खुलवाया।
सल्ट के रामनगर-मरचूला नेशनल हाईवे 121 पर बीते 10 दिनों से मरचूला के आसपास हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। 10 दिनों के भीतर ये तीसरा बड़ा हादसा बृहस्पतिवार को होते-होते रह गया। एक डंपर रामनगर की ओर से निर्माण सामग्री लेकर मरचूला की तरफ आ रहा था। क्रोकोडाइल व्यू पॉइंट के पास सामने से तेजी से आ रहे दूसरे डंपर को पास देने के चक्कर में ब्रेक लगाते ही कंडक्टर साइड का पहिया खाई की तरफ सड़क किनारे क्रैश बैरियर से टकराकर धंस गया। मरचूला पुलिस चेक पोस्ट पर सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जेसीबी की मदद से डंपर को बाहर निकाला और सड़क के दोनों ओर लगे जाम को खुलवाया। करीब एक घंटे तक सभी छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर ओवर लोडिंग होने की वजह से हादसा हुआ।
10 दिनों के भीतर तीसरा बड़ा हादसा होने से बचा
मरचूला-रामनगर मार्ग पर पांच किमी के बीच बीते 10 दिनों के भीतर ये तीसरा बड़ा हादसा होते- होते बच गया। इससे एक सप्ताह पहले भी चिमटाखाल के पास चूने से भरा ट्रक 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया था। चार दिन पहले मंगलवार को इसी मार्ग पर सांकर गांव में एक सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली 20 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी जिसके दस्तावेज तक पूरे नहीं थे। बृहस्पतिवार को ये तीसरा हादसा होते बच गया।