अल्मोड़ा। नगर के पांडेखोला स्थित बिजलीघर की क्षमता जल्द ही बढ़कर दो गुनी हो जाएगी। सात करोड़ लागत से पांडेखोला में 10 एमवीए क्षमता के नए सब स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। नए सब स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद पांडेखोला बिजलीघर की क्षमता बढ़कर 20 एमवीए हो जाएगी। इससे शहर और आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
पांडेखोला स्थित बिजली घर की क्षमता वर्तमान में दस एमवीए की है। यहां से अल्मोड़ा नगर के अलावा हवालबाग, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना और ताकुला विकासखंड को बिजली सप्लाई होती है। वर्तमान में पांडेखोला के समीप मेडिकल कालेज, कलक्ट्रेट भवन, नर्सिंग कालेज का निर्माण भी चल रहा है। भविष्य में बिजली की खपत और बढ़ेगी। इसको देखते हुए पांडेखोला बिजली खबर में एक और सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।
पिछले साल भारत सरकार की एकीकृत विद्युत विकास योजना के अंतर्गत करीब सात करोड़ लागत से जीआईएस सब स्टेशन को पांडेखोला में मंजूरी दी थी। इसके बाद विभाग ने निविदा आमंत्रित की और निर्माण कार्य शुरू किया। नए सब स्टेशन में पांच-पांच एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगने हैं। इनमें ऑयल के स्थान पर गैस का उपयोग होगा। विद्युत वितरण खंड के ईई कन्हैया जी मिश्रा ने बताया कि नए सब स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण एजेंसी ने 30 अप्रैल तक काम पूरा करना है। आशा है कि मई माह से नया सब स्टेशन काम करना शुरू कर देगा। नए सब स्टेशन के चालू होने के बाद बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी और भविष्य की जरूरतें भी पूरी होंगी।