अल्मोड़ा। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने सहायक कृषि अधिकारी संवर्ग की लंबित समस्याओं व न्यायोचित मांगों के निराकरण के लिए चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। वहीं मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने की दशा में 27 अक्तूबर से हड़ताल करने की चेतावनी दी।
इस दौरान दिए ज्ञापन में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 का ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 4200 करने, सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 को राजपत्रित घोषित करते हुए ग्रेड पे 4800 करने, सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 व वर्ग-2 का आमेलन कर दोनों संवर्गों को 4200 ग्रेड पे अनुमन्य करने, प्रभावी शिथिलीकरण नियमावली के अनुरूप पात्र कार्मिकों को पदोन्नति में अविलंब शिथिलीकरण का लाभ देने, सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 को 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर 5400 ग्रेड पे अनुमन्य करने, एग्रीस्टैक व अन्य ऑनलाइन कार्यों के लिए लैपटॉप, इंटरनेट, तकनीकी सहयोग सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने सहित व्यावहारिक कार्ययोजना लागू करने, प्रयोगशालाओं में कार्यरत एएओ वर्ग-2 एवं वर्ग-1 को जोखिम भत्ता देने, रसायन शाखा के तहत जिला स्तर की प्रयोगशालाओं में सहायक निदेशक के पदों का सृजन करने की मांग की गई है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगों के निस्तारण की अपेक्षा की जा रही है लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने शासन और विभाग से संवर्ग की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संघ के अध्यक्ष यशवंत सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री बहादुर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हिमांशु भट्ट, कृपाल सिंह यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।