बागेश्वर। जिले के सरकारी और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। शिक्षा विभाग के 31 जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार कक्षा एक से 12 तक के 22,278 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
इनमें राजकीय विद्यालयों के 19,706 और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के 2,572 विद्यार्थी शामिल हैं। प्राथमिक स्तर पर 5,731 और जूनियर स्तर पर 6,118 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। कक्षा नौ में 2,505, कक्षा 10 में 2,581, कक्षा 11 में 2,652 और कक्षा 12 में 2,691 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वर्गवार आंकड़ों में सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के 12,230, अनुसूचित जाति के 9,987 और अनुसूचित जनजाति के 61 विद्यार्थी शामिल हैं।
जिले में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का आयोजन समय-सारणी के अनुसार पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचिता के साथ कराया जाएगा। सभी राजकीय और अशासकीय विद्यालयों को समय पर प्रश्नपत्रों की उपलब्धता और परीक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। -आशाराम, प्रभारी सीईओ, बागेश्वर