अल्मोड़ा। जिसके के ताकुला कस्बे में 3.64 करोड़ लागत से बनाया जा रहे दस एमवीए क्षमता के सब स्टेशन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। दो माह के भीतर इसके बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है। इसके बनने के बाद ताकुला क्षेत्र के करीब पचास गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधर जाएगी।
ताकुला क्षेत्र के करीब पचास गांवों को वर्तमान में बागेश्वर जिले के काफलीगैर पावर हाउस से बिजली आपूर्ति होती है। इस क्षेत्र में आए दिन बिजली आपूर्ति में अव्यवस्था रहती है। लाइनों में आई खराबी दूर करने के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों को बागेश्वर जिले के काफलीगैर सब स्टेशन से सट डाउन लेना पड़ता है। इसको देखते हुए विद्युत वितरण खंड की ओर ताकुला में नया सब स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके लिए 3.64 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।
विद्युत वितरण खंड के ईई दीन दयाल सिंह पांगती ने बताया कि ताकुला सब स्टेशन में पांच-पांच एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगने हैं। भवन का निर्माण कर लिया गया है। बिजली लाइनों का करीब 80 फीसदी कार्य हो गया है। कंट्रोल यूनिट स्थापित कर दी गई है। अगले दो माह के भीतर इसका निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके चालू होने के बाद क्षेत्र के 50 गांवों के लोगों को सुचारु रुप से बिजली आपूर्ति हो सकेगी।