अल्मोड़ा में मतदान की शपथ लेतीं छात्राएं।
- फोटो : amar ujala
मतदाता जागरूकता अभियान के स्वीप कार्यक्रम के तहत लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बुधवार को छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नारे लगाकर लोगों से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। रैली में कुमाऊंनी परिधान पहने छात्राएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
नंदादेवी मंदिर प्रांगण से शुरू हुई रैली मुख्य बाजार से होते हुए निकली। रैली में नगर के सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में स्लोगन लिखीं तख्तियां लेकर मतदाताओं से 11 अप्रैल को वोट देने की अपील कर रहीं थीं। रैली आर्मी कैंट से होते हुए स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। जहां छात्रा-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई।
रैली को लेकर छात्र-छात्राओं को कूपन भी वितरित किए गए थे। लक्की ड्रा के माध्यम से 30 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। रैली में नगर क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों के अलावा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के डीएलएड प्रशिक्षुओं ने भी भाग लिया। रैली का संचालन सहायक नोडल अधिकारी प्रभारी स्वीप विनोद कुमार राठौर ने किया। रैली में जिला क्रीड़ाधिकारी सीएल वर्मा, पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. जेसी दुर्गापाल, एडम्स की प्रधानाचार्या सीमा जोशी, डॉ. प्रकाश पंत, डॉ. सरिता पांडे, डॉ. कामाक्षा मिश्रा, डॉ. दीपा जलाल आदि ने भी भाग लिया।