जिलाधिकारी सविन बसंल ने ताड़ीखेत ब्लॉक के तौड़ा गांव में पीलिया रोग से ग्रसित लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश के बाद तीन विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम तौड़ा गांव में भेज दी गई है। यह टीम गांव में दस दिन तक रोगियों का उपचार करेगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरसी पंत ने बताया कि रोगियों के रक्त सैंपल ले लिए गए हैं। तौड़ा गांव के नौलों और धारों में क्लोरीन की गोलियां डाल कर लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है। इधर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि वह बीमार लोगों को निगरानी में रखें, ताकि बीमारी पर अंकुश लगाया जा सके। डीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों को तौड़ा और तल्ला गांव में पानी के सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जल संस्थान के अधिकारियों को गांव में स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने को कहा है।
एसडीएम रानीखेत को निर्देशित किया है कि वह स्थिति पर पूर्ण निगरानी रखें। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समीपस्थ गांवों में जाकर स्वास्थ्य परीक्षण करें, ताकि गरमी के मौसम में बीमारियां नहीं फैलें। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य विभाग को चौकस रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पेयजल विभाग से जुड़े अधिकारी जल स्रोतों, पानी की टैंकों की सफाई कर दवा का छिड़काव करें।