बागेश्वर। पिंडर घाटी में मौसम साफ होने के बाद भी बर्फबारी से हुई परेशानियां कम नहीं हुई है। खाती से विनायक तक मोटर मार्ग बर्फ से पटा है। विनायक से आगे वाहनों का संचालन बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के बाद उरेडा से संचालित विद्युत परियोजनाएं बाधित हो गई हैं। जिसके कारण धूर, बोरबलड़ा आदि गांवों में बिजली गुल है।
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कपकोट की पिंडर और सरयू घाटी के गांवों में हिमपात हुआ था। सरयू घाटी के झूनी, खलझूनी, कर्मी आदि गांवों में बर्फ पिघल गई है, लेकिन पिंडर घाटी के धूर, खाती, वाछम आदि गांवों में अब भी बर्फ जमा है। धूर क्षेत्र में आधे से एक फुट तक बर्फ अब भी जमा है। रिखाड़ी-वाछम और बदियाकोट सड़क पर बर्फ जमा होने से वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ रहा है। कुछ वाहन चालक खतरा उठाकर वाहन ले जा रहे हैं, लेकिन अधिकांश वाहनों का संचालन विनायक से आगे नहीं हो रहा है। ग्रामीणों को तहसील और जिला मुख्यालय आने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूर निवासी दीवान सिंह और बोरबलड़ा के हरीश सिंह दानू ने बताया कि बर्फबारी के बाद गांव की उरेडा से संचालित बिजली परियोजना प्रभावित हो गई है। गांव में करीब एक सप्ताह से बिजली गुल होने से लोग परेशान हैं।
इधर, जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। नगर में सुबह कोहरा छाने से ठंड हुई थी, लेकिन दिन में धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से राहत मिली। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ पिघलने के बाद लोगों को सर्द हवाओं का सामना भी करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम साफ होने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दोपहर के समय अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि जिला मुख्यालय का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चटक धूप खिलने से लोगों को मिली राहत
अल्मोड़ा। नगर में शुक्रवार को चटक धूप खिलने से लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली। लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। हालांकि सुबह के समय नगर और घाटी वाले क्षेत्रों में घना कोहरा लगा। जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी कम रही।
बृहस्पतिवार से मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार को भी मौसम साफ रहा। सुबह के समय घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। कोहरा छाने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। करीब आठ बजे बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लोग धूप का आनंद लेते हुए देखे गए। हालांकि अभी भी शीतलहर का प्रकोप कम नहीं हुआ। सर्द हवाए चलने से ठंड लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।