जागेश्वर (अल्मोड़ा)। आगामी पर्यटन एवं तीर्थाटन सीजन को देखते हुए जागेश्वर धाम में 25 मई से शटल सेवा संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया है। शटल सेवा का संचालन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गुरड़ाबांज तहसील परिसर में भनोली एसडीएम सौम्या गर्ब्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जागेश्वर धाम की विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में होटल बुकिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा संचालन तथा तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अधिकारियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने सीजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुझाव रखे। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भनोली तहसीलदार ज्योति धपवाल, दन्या थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत, जागेश्वर चौकी प्रभारी कमित जोशी, जागेश्वर व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश भट्ट, टैक्सी यूनियन पनवानौला के हेमंत साह, शेखर भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य बिंदु.......
25 मई से जागेश्वर धाम में शटल सेवा शुरू।
संचालन समय सुबह 8 बजे से सायं 6 बजे तक।
होटल बुकिंग, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं पर चर्चा।
तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा।