चार दिन बाद भी पुलिस सिकुड़ा बैंड के पास हुई दुर्घटना में बाइक और ट्रक का पता नहीं लगा सकी है। बाइक रपटने के बाद ट्रक से कुचल कर मारे गए शुभम धवन (16) के परिजनों और व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने एसपी को ज्ञापन देकर कहा है कि यदि शुभम की मौत दुर्घटना में हुई है तो पुलिस संबंधित बाइक और ट्रक का पता लगाए अन्यथा हत्या का मामला दर्ज कर शुभम के हत्यारों को गिरफ्तार करे। परिजनों ने इस मामले की थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुभम के परिजनों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और व्यापारियों के शिष्टमंडल ने एसपी केएस नगन्याल ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की सूचना के बाद भी पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची। जिससे दुर्घटना के दौरान सड़क पर रपटी बाइक और शुभम को कुचलने वाले ट्रक चालक का अब तक पता नहीं लग सका है। उन्होंने एसपी को दिए ज्ञापन में कहा है कि यदि पुलिस शुभम की मौत का कारण दुर्घटना नहीं मानती है तो फिर हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारों को गिरफ्तार करे। एसपी ने शुभम की मौत मामले की जांच कर वास्तविकता जल्द सामने लाने का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, महासचिव मनोज पवार, अनीता रावत, दीपक वर्मा, दिनेश गोयल, गिरीश धवन, आशुतोष कपूर, हाजी नूर अकरम, राम अवतार, मनोज वर्मा, वकुल साह आदि मौजूद थे।