सफाई अभियान के दूसरे चरण में नगर के चार वार्डों में अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन ने खास तौर पर सीवर नालियों में छोड़ने पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को राजपुर वार्ड में गंदगी और सीवर खुले में छोड़ने पर एडीएम ने सात लोगों का चालान कर 8,500 रुपये दंड वसूला। उन्होंने जल संस्थान के जेई को सर्वे कर खुले में सीवर डालने वालों को नोटिस भेजने के निर्देश दिए हैं।
नगर के राजपुर वार्ड, त्रिपुरा सुंदरी, नंदा देवी और रामशिला वार्ड में सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों की टीम ने नंदा देवी में जल संस्थान के कूड़े से पटे वॉल्व बॉक्स की सफाई कराई। धारानौला जाने वाले मार्ग में एक व्यवसायी की दुकान के पास जमा कूड़े को हटवाकर दुकानदार से जुर्माना वसूला गया। नियाजगंज इलाके से भी कूड़ा हटवाया गया। इधर, राजपुर वार्ड में एडीएम कैलाश सिंह टोलिया, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी और एसडीएम विवेक राय ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान का निरीक्षण किया।
इस दौरान कई जगहों पर खुले में सीवर का पानी बहता हुआ दिखाई दिया। इस पर संबंधित सात लोगों का मौके पर ही चालान कर जुर्माने के रूप में कुल 8,500 रुपये वसूले गए। इस दौरान स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों को गंदगी न फैलाने और तंबाकू उत्पादों का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी। अभियान में एसडीएम विवेक रॉय, डीडीओ मो. असलम, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सविता ह्यांकी, डा. योगेश पुरोहित, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, सफाई नायक थे।
एक सप्ताह में ले लें कनेक्शन
एडीएम कैलाश सिंह टोलिया ने लोगों को चेतावनी दी है कि जहां-जहां सीवर लाइन है, संबंधित लोग एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन ले लें। इसके बाद भी यदि सीवर खुले में बहता दिखा तो जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा उन्होंने जल संस्थान के जेई को खुले में सीवर डालने वालों को नोटिस देने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा एसडीएम विवेक राय ने अधिशासी अभियंता से खराब पड़े दो बिजली के पोलों को तत्काल बदलवाने को कहा।
सफाई व्यवस्था की मॉनीटरिंग करें अधिकारी
एडीएम ने लोनिवि, विद्युत और पालिका के अधिकारियों को मार्गों में पड़े कूड़े को तत्काल हटाने और प्रतिदिन सफाई व्यवस्था की मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने सफाई नायकों को रोजाना सफाई के निर्देश दिए।