वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने पुलिस लाइन में हुई बैठक में जिले के सभी थानों में घटित अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने कानून तथा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली छोटी से छोटी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। मई माह में बेहतर काम करने वाले दो पुलिस कर्मियों बालकृष्ण और कल्याण सिंह को नगद पुरस्कार देकर ‘इम्प्लॉय ऑफ द मंथ’ चुना गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी अच्छी वर्दी धारण करें।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहरी स्थानों से आने वाले लोगों तथा किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने को कहा। साथ ही जिले में हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। ओवर स्पीड तथा ओवर लोड वाहनों के चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करने के भी निर्देश दिए। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया, अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, सहायक रेडियो अधिकारी रवींद्र कुमार समेत सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, विवेचक तथा पुलिस लाइन के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे।