गर्मियों में सांप निकलने का क्रम जारी है। शुक्रवार को सात फुट लंबा जहरीला सांप मालरोड में एक पिकप के बोनट में जा घुसा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों घंटो मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
पालिका के पार्किंग भवन के पास सड़क किनारे शुक्रवार को सुबह एक पिकप की जीप के ऊपर लोगों ने एक लंबा सांप देखा तो वह हक्के बक्के रह गए। इस दौरान वहां भीड़ बढ़ने लगी। जीप चालक और स्थानीय लोगों ने सांप को पहले डरा कर भगाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं भागा और इसी बीच पिकप के बोनट के अंदर जा घुसा। बाद में लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन कर्मियों के पहुंचने के करीब दो घंटे बाद सांप को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका। वन बीट अधिकारी भुवन लाल ने बताया कि सांप करीब सात फुट लंबा जहरीला पाइथन है। बाद में वह सांप को पकड़ कर कोसी के जंगल में छोड़ आए। एक हफ्ते पहले एसएसजे परिसर के आवासीय परिसर में भी कई सांप दिखाई दिए थे। वन विभाग की टीम मौके पर गई लेकिन सांप नहीं पकड़े जा सके थे।