अल्मोड़ा। बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर शनिवार की दोपहर तीन बजे के करीब दिल्ली नंबर की स्कार्पियो अनियंत्रित होकर क्रश बैरियर तोड़कर 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जाकर पलट गई। स्कार्पियों में सवार बुजुर्ग प्रणब रॉय (75) और उनकी पत्नी शुभी रॉय (72) की वाहन में दबकर मौत हो गई। प्रणब के पुत्र सिद्धार्थ रॉय (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कटर से वाहन काटकर शव को बाहर निकाला। सिद्धार्थ को गंभीर हालत में अल्मोड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई दिल्ली के महरौली थानांतर्गत मंगलपुर निवासी सिद्धार्थ अपने पिता प्रणब और मां शुभी के साथ स्कार्पियो डीएल 3 सीसीजेड 8690 से उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। कैंची धाम दर्शन करने के बाद सभी लोग स्कार्पियो से मुनस्यारी जाने के लिए निकले। एसओ धौलछीना सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर कसाण बैंड के पास वाहन अचानक क्रश बैरियर को तोड़ते हुए सीधे 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। सवार तीनों लोग वाहन में दब गए। राहगीरों ने बचाव शुरू किया लेकिन अंदर तीनों लोग फंसे थे। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम भी पहुंच गई। किसी तरह घायल सिद्धार्थ को बाहर निकालकर निजी वाहन से अल्मोड़ा भेजा गया। कटर के जरिए वाहन को काटकर प्रणब और शुभी के शव निकाले गए।
शिक्षक ने पेश की इंसानियत की मिसाल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय शिक्षक राकेश मेहरा बचाव के लिए आगे आए। उन्होंने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल सिद्धार्थ रॉय को अपने निजी वाहन से धौलछीना अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सिद्धार्थ की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर अल्मोड़ा रेफर कर दिया।
कटर से काटा गया वाहन
पलटने के बाद वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। सीट और वाहन की छत में दोनों शव दबे हुए थे। पुलिस ने कटर के जरिए वाहन को काटा तब जाकर दो घंटे के बाद शव निकाला जा सका।
कोट...
कसाण बैंड के बाद क्रश बैरियर तोड़कर वाहन नीचे सड़क पर गिर गया था। तत्काल ही पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। एक घायल को अस्पताल भेजा गया है। घटना में दो लोगों की मौत हुई है। हादसे के कारण की जांच की जा रही है। - देवेंद्र पीचा, एसएसपी