अल्मोड़ा/धौलछीना। भैंसियाछाना ब्लाक के कुंजकिमोला गांव के उमेर तोक का निवासी तेईस वर्षीय विकलांग युवक सरयू नदी में बह गया है। एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है। युवक की तलाश में टीम के साथ स्थानीय ग्रामीण भी लगे हुए हैं, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला है।
दूरस्थ गांव कुंजकिमोला गांव के उमेर तोक का निवासी कैलाश राम पुत्र बहादुर राम विकलांग है। उसकी मानसिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। उसे मिर्गी के दौरे भी पड़ते हैं। बताया जाता है कि आज सुबह उसे दो बार घर पर मिर्गी के दौरे पड़े। इसके बाद वह करीब नौ बजे घर से सरयू नदी की ओर चला गया और सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों ने अपराह्न बाद क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक नारायण नाथ गोस्वामी को युवक के सरयू नदी में बहने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद राजस्व कर्मी, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है। राजस्व उप निरीक्षक श्री गोस्वामी ने बताया कि युवक की ढूंढखोज की जा रही है, लेकिन अब तक कोई पता नहीं चल सका है।