स्यालीधार के केंद्रीय विद्यालय सुनोला में चेकिंग अभियान चलाती परिवहन विभाग की टीम। स्वयं
अल्मोड़ा। नियमों की अनदेखी कर वाहन से बच्चों को स्कूल लाने और पहुंचाने पर परिवहन विभाग सख्त हो गया है। टीम ने स्यालीधार के केंद्रीय विद्यालय सुनोला के पास स्कूली वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान निजी वाहनों में बच्चों को ठूंसकर ले जाने नौ वाहन चालकों का चालान और एक वाहन सीज किया गया।
बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग की टीम ने परिवहन कर अधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। केंद्रीय विद्यालय सुनोला के पास बच्चों को स्कूल ले जा रहे वाहनों को रोका गया। इस दौरान टीम ने देखा कि वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाया जा रहा था।
वाहन चालक फिटनेस, परमिट, प्रदूषण सहित कई अन्य दस्तावेज भी नहीं थे। टीम ने नौ वाहनों का चालान कर एक वाहन को सीज किया। इस दौरान दो अन्य भारी वाहनों को ओवर लोडिंग करने पर सीज किया गया और 40 वाहनों का चालान किया गया। टीम में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार सहित कई कर्मी मौजूद रहे।