गरुड़ (बागेश्वर)। प्रांतीय खंड लोनिवि बैजनाथ-ग्वालदम मोटर मार्ग को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को हस्तांतरित करेगा। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देश पर कर्णप्रयाग से ग्वालदम तक मोटर मार्ग का चौड़ीकरण और हॉटमिक्स का काम 90 फीसदी तक पूर्ण कर लिया गया है।
प्रांतीय खंड लोनिवि और बीआरओ के अधिकारियों के दल ने बुधवार को संयुक्त रूप से मार्ग का निरीक्षण भी किया। बीआरओ और लोनिवि के अभियंताओं ने डंगोली, मेलाडुंगरी, ग्वाड़पजेना के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से बात की। मेलाडुंगरी के पूर्व प्रधान बलवंत सिंह भंडारी का कहना है कि मोटर मार्ग बीआरओ को हस्तांतरित होने से मार्ग की दशा सुधर जाएगी।
कार और बस की टक्कर में वृद्धा घायल
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ से कौसानी जा रही एक कार और बस में टक्कर होने से एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष बैजनाथ कैलाश बिष्ट ने बताया कि कार गरुड़ से कौसानी जा रही थी। लौबांज के पास कार बस से टकरा गई। कार में सवार अणां गांव निवासी पुष्पा किरमोलिया (60) पत्नी पूरन सिंह घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ में भर्ती कराया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर को रेफर कर दिया है। उधर, बैजनाथ-डंगोली मोटर मार्ग में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।