बागेश्वर। औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बैजनाथ, गागरीगोल और मन्यूड़ा क्षेत्र में दवाइयों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। दो प्रतिष्ठानों पर अनियमितता मिलने पर उनके खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण और निलंबन की कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक को सीसीटीवी प्रणाली बंद मिले। पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं का क्रय-विक्रय, एक्सपायर्ड दवाओं के अनुचित भंडारण, क्रय-विक्रय अभिलेखों का मौके पर सत्यापन न होना, दवाओं का निर्धारित तापमान पर भंडारण न करने और परिसर में साफ-सफाई की कमी आदि समस्याएं मिलीं। जिसके चलते उन्होंने एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने और दूसरे का निलंबित करने के निर्देश की संस्तुति की। प्रतिष्ठानों से दवा के क्रय-विक्रय पर भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।